Atal Satya – Hindi News
Hindi News / देश / मध्य प्रदेश

MP में मानसून का जोर, जबलपुर-सागर समेत इन इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी

Article Top Ad

उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और मानसूनी ट्रफ की सक्रियता के कारण मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को पूरे प्रदेश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे बिजली के पोल और पेड़ की कमजोर शाखाएं टूटने का खतरा बना हुआ है। नदियां और नाले उफान पर होने से जनजीवन पर असर पड़ा है।

पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग ने सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा सोमवार को भी सीधी, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर जिलों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहने की आशंका जताई गई है।

आकाशीय बिजली का खतरा, मौसम विभाग की अपील

बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक की प्रबल संभावना को देखते हुए विभाग ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले में रहने वाले लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों व खुले मैदानों से दूर रहें। प्रशासन ने आम नागरिकों से बेवजह घर से बाहर न निकलने और मौसम की जानकारी पर लगातार नज़र बनाए रखने की अपील की है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad