मध्यप्रदेश में दुर्गा उत्सव और दशहरे के दौरान कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सामान्य अवकाश पर रोक लगा दी गई है। डीजीपी के निर्देश पर विशेष शाखा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार 11 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सामान्य अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। यह निर्देश सभी स्पेशल डीजी, एडीजी, जोनल आईजी, भोपाल और इंदौर पुलिस कमिश्नर, जिला पुलिस अधीक्षकों, सेनानियों और रेल पुलिस अधीक्षकों को भेजा गया है।
आपात स्थिति में मिल सकेगी सीमित अवधि की छुट्टी
पुलिस मुख्यालय के निर्देश के मुताबिक, किसी आपात स्थिति में संबंधित एसपी या आईजी सीमित अवधि के लिए अवकाश स्वीकृत कर सकेंगे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अवकाश के लिए डीजीपी की अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
नवरात्रि से दशहरे तक बढ़ेगी सुरक्षा
नवरात्रि के दौरान प्रदेशभर में बड़ी संख्या में देवी पंडाल, गरबा और धार्मिक आयोजन होते हैं। इन कार्यक्रमों में देर रात तक बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहती है। इसके अलावा दशहरे के अवसर पर रावण दहन, चल समारोह और प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ बढ़ने से पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की चुनौती रहती है।
इसी को देखते हुए पुलिस थानों में पर्याप्त बल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और लगातार निगरानी बढ़ाई जाएगी।
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
पुलिस अधिकारियों को धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख धार्मिक आयोजनों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी।
पुलिस मुख्यालय का यह आदेश दुर्गा उत्सव से लेकर दशहरे और उसके बाद होने वाले आयोजनों के दौरान प्रदेश में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की तैयारियों का हिस्सा है।