Atal Satya – Hindi News
Hindi News / मध्य प्रदेश

सागर में भीषण सड़क हादसा: बस और कार की आमने-सामने टक्कर, तीन लोगों की मौत; चालक फरार

Article Top Ad

सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास तेज रफ्तार बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस और कार के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला और अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बस भी अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पास की खंती में जा गिरी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

अस्पताल में तीनों को मृत घोषित किया

पुलिस ने कार सवारों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

फरार बस चालक की तलाश

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad