उमरिया। मानसून के दौरान पर्यटकों के लिए बंद रहने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का कोर एरिया 1 अक्टूबर से नए पर्यटन सत्र के लिए खोलने की तैयारी है। पार्क प्रबंधन ने सफारी व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जिप्सियों, गाइड और अन्य व्यवस्थाओं की जांच एवं प्रक्रिया जारी है।
BS-2 और BS-3 वाहनों के प्रवेश पर रोक की तैयारी
नए पर्यटन सत्र से पहले पार्क प्रबंधन ने सफारी वाहनों के मानकों को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पर्यटन क्षेत्र में BS-2 और BS-3 मानक वाले वाहनों को प्रवेश नहीं देने की तैयारी की जा रही है।
इसके लिए जिप्सी संचालकों से वाहनों के जरूरी दस्तावेज मंगवाकर उनका सत्यापन किया जा रहा है। दस्तावेजों के साथ वाहनों की स्थिति और निर्धारित मानकों की भी जांच की जा रही है।
1 अक्टूबर से शुरू होगी कोर एरिया में सफारी
क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि 1 अक्टूबर से बांधवगढ़ के कोर एरिया में पर्यटन शुरू किया जाएगा। पर्यटन शुरू होने से पहले सफारी में इस्तेमाल होने वाली जिप्सियों के दस्तावेज और वाहनों की स्थिति की जांच की जा रही है।
प्रबंधन के मुताबिक, पर्यटकों की सुरक्षा और निर्धारित नियमों को ध्यान में रखते हुए जांच में मानकों पर खरे उतरने वाले वाहनों को ही पर्यटन क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
जिप्सी संचालकों के लिए जरूरी होगी दस्तावेजी प्रक्रिया
वाहनों की जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि आगामी पर्यटन सत्र में किन जिप्सियों को सफारी संचालन की अनुमति मिलेगी। ऐसे में जिप्सी संचालकों के लिए वाहन के जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने और निर्धारित मानकों को पूरा करना महत्वपूर्ण होगा।