मध्य प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन प्रदेश में इस सीजन अब तक सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक औसतन 33.1 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश के मुकाबले 88.7 प्रतिशत है। प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा करीब 37.3 इंच है। ऐसे में सामान्य बारिश तक पहुंचने के लिए अभी लगभग 4.2 इंच पानी की जरूरत है।
मानसून की आधिकारिक अवधि समाप्त होने में अब करीब 13 दिन बाकी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 20 सितंबर तक प्रदेश में किसी बड़े बारिश सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना नहीं है। हालांकि, 21 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
सितंबर के आखिरी सप्ताह में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के आखिरी सप्ताह में लो प्रेशर एरिया और चक्रवाती गतिविधियों के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का दौर बन सकता है। हालांकि, बारिश की तीव्रता और प्रभावित जिलों को लेकर स्थिति आने वाले दिनों में और स्पष्ट होगी।
20 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट नहीं
फिलहाल 20 सितंबर तक प्रदेश में भारी या अति भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से से मानसून ट्रफ गुजर रही है, जबकि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम का मध्य प्रदेश पर फिलहाल कोई बड़ा प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर बनने वाले मौसम सिस्टम के कारण कुछ जिलों में तेज बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान दतिया के सेंवढ़ा में करीब 4 इंच और झाबुआ के शाहपुरा में लगभग 3 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं, बुधवार शाम को भोपाल, सीहोर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई।
आने वाले दिनों में मौसम विभाग की नजर सितंबर के अंतिम सप्ताह में बनने वाले संभावित सिस्टम पर रहेगी। यदि इन सिस्टम से अच्छी बारिश होती है, तो प्रदेश की मौसमी बारिश सामान्य आंकड़े के करीब पहुंच सकती है।