मध्य प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है।
धार और बड़वानी में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारी बारिश के चलते इन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिसे देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर में भारी बारिश का अलर्ट है।
भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, सागर, रीवा, सतना, शहडोल समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।