Atal Satya – Hindi News
Hindi News / देश

चित्रकूट में तालाब में मछली पकड़ने गए तीन लोगों की मौत, 17 वर्षीय किशोर समेत दो गांवों में पसरा मातम

Article Top Ad

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। मानिकपुर थाना क्षेत्र के हेला गांव में बंधा तालाब के जडेरा में मछली पकड़ने गए तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 17 वर्षीय किशोर भी शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों में 17 वर्षीय किशोर भी शामिल

मृतकों की पहचान राजपाल (17), पुत्र स्वर्गीय लवकुश, निवासी हेला गांव; महेंद्र (30), पुत्र जोधी, निवासी हेला गांव; और रामकेश (32), पुत्र तीरथ, निवासी चुरेहकेसरवा के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, तीनों शनिवार सुबह तालाब में मछली पकड़ने गए थे। उनके साथ महेंद्र का भाई सुरविजय भी मौजूद था। घटना के बाद सुरविजय घर पहुंचा और परिजनों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर जुटे ग्रामीण, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

घटना की जानकारी फैलते ही तालाब के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मौत के कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में 17 वर्षीय राजपाल की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक साथ तीन लोगों की मौत से हेला और चुरेहकेसरवा गांव में मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad