Atal Satya – Hindi News
Hindi News / देश / मध्य प्रदेश

मैहर में आधी रात रिहायशी इलाके में घुसा जंगली हाथी, दहशत में घरों में दुबके लोग; पुलिस-वन विभाग अलर्ट

Article Top Ad

मैहर: जिले के रामनगर क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथी के रिहायशी इलाके में पहुंचने से लोगों में दहशत फैल गई। देर रात करीब 12 बजे एक जंगली हाथी रामनगर के व्यस्त सतना कैंप इलाके में पहुंच गया। आबादी के बीच हाथी को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के अंदर ही दुबके रहे।

बताया जा रहा है कि हाथी कई घंटे तक सतना कैंप क्षेत्र में घूमता रहा। इसके बाद वह आगे बढ़ते हुए पुराने रामनगर इलाके की ओर पहुंच गया। आबादी में हाथी के घूमने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया।

लाउडस्पीकर से लोगों को घरों में रहने की अपील

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार इलाके में लोगों को सतर्क कर रही है। लाउडस्पीकर के माध्यम से रहवासियों से घरों से बाहर नहीं निकलने और हाथी के करीब जाने से बचने की अपील की जा रही है।

वन विभाग ने लोगों से हाथी का पीछा करने, उसका वीडियो बनाने या मौके पर भीड़ जमा करने से बचने को कहा है। पुलिस और वन विभाग के जवान लगातार हाथी की गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं।

टीम का प्रयास है कि हाथी को किसी तरह का नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से बाहर निकाला जाए और उसे जंगल की ओर भेजा जा सके। फिलहाल हाथी की मौजूदगी को लेकर वन विभाग और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad