राजस्थान के नागौर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अलाय से बीकानेर की ओर जाने वाले मार्ग पर कालानाडा के पास करीब शाम 7:30 बजे कोयले से भरे एक ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर मोटरसाइकिल को करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दोनों युवकों की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, ट्रेलर बीकानेर से नागौर की ओर आ रहा था। कालानाडा के पास ट्रेलर की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान मालियाणा निवासी महावीर पुत्र कोजाराम जाट और बुद्धाराम पुत्र चेनाराम जाट के रूप में हुई है। दोनों बीकानेर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे के बाद चालक ने ट्रेलर से कूदकर बचाई जान
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक ने वाहन से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे की सूचना मिलते ही गोगेलाव टोल की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
दोनों मृतकों के शवों को नागौर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रेलर और बाइक से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।