Atal Satya – Hindi News
Hindi News / देश

मेरठ में 19-20 सितंबर को दिखेगा सूर्य किरण का रोमांच, नौ हॉक विमान आसमान में बनाएंगे तिरंगा

Article Top Ad

मेरठ के आसमान में 19 और 20 सितंबर को भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम रोमांचक हवाई करतब दिखाएगी। मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में आयोजित होने वाले एयर शो में सूर्य किरण टीम के नौ हॉक MK-132 विमान अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे।

एयर शो के दौरान विमानों से निकलने वाली केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें आसमान में तिरंगे का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेंगी। इस दौरान दर्शकों को भारतीय वायुसेना के पायलटों की सटीक उड़ान और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

कठिन ट्रेनिंग से तैयार होते हैं सूर्य किरण के पायलट

एयर शो से पहले सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के फाइटर पायलट स्क्वाड्रन लीडर विक्रम वेंकटेशन और मेरठ निवासी स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल अमर उजाला कार्यालय पहुंचे। डिम्पल सिरोही से बातचीत के दौरान दोनों अधिकारियों ने सूर्य किरण टीम की कार्यप्रणाली और अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने बताया कि एरोबैटिक प्रदर्शन के लिए पायलटों को कठिन प्रशिक्षण से गुजरना पड़ता है। इसमें अनुशासन, एकाग्रता, सटीक नियंत्रण और टीम वर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हवा में कुछ ही दूरी पर उड़ते विमानों के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए पायलटों को लंबे समय तक अभ्यास करना पड़ता है।

दोनों अधिकारियों ने एयर शो के दौरान किए जाने वाले विभिन्न हवाई करतबों, पायलटों की ट्रेनिंग और सूर्य किरण टीम के साथ जुड़े अनुभवों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। मेरठ में होने वाले इस एयर शो को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad