Atal Satya – Hindi News
Hindi News / देश

सेमीकॉन इंडिया 2026 का आगाज, भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को मिलेगी नई रफ्तार

Article Top Ad

नई दिल्ली। भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ के पांचवें संस्करण का औपचारिक शुभारंभ किया। तीन दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक किया जा रहा है।

इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण, चिप डिजाइन और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में एक मजबूत और आत्मनिर्भर वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करना है।

‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स’ है इस वर्ष की थीम

सेमीकॉन इंडिया 2026 की थीम ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ रखी गई है। सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों से नीति निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

आयोजन के दौरान सेमीकंडक्टर तकनीक में हो रहे नए विकास, वैश्विक सहयोग, अत्याधुनिक तकनीकों और कुशल कार्यबल तैयार करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। साथ ही भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन की पूरी वैल्यू चेन विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

600 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा

सेमीकॉन इंडिया 2026 की प्रदर्शनी में 600 से अधिक प्रमुख कंपनियां अपनी तकनीक और उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं। इनमें करीब 300 विदेशी कंपनियां शामिल हैं।

लगभग 15,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित इस प्रदर्शनी में 6 देशों और 12 राज्यों के विशेष पवेलियन बनाए गए हैं। सम्मेलन में 150 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता भी हिस्सा ले रहे हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस्ड पैकेजिंग, चिप डिजाइन और वैश्विक सप्लाई चेन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे।

‘सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम्स’ दिखाएगा पूरी प्रक्रिया

इस बार सम्मेलन में ‘सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम्स’ नाम से एक विशेष वैल्यू चेन एक्सपीरियंस तैयार किया गया है। इसके जरिए आगंतुकों को सेमीकंडक्टर निर्माण की पूरी प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

इसमें कच्चे माल यानी बालू से शुरुआत करते हुए शुद्ध सिलिकॉन तैयार करने, चिप निर्माण, एडवांस्ड पैकेजिंग और अंत में एक पूर्ण इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम तैयार होने तक की पूरी प्रक्रिया को प्रदर्शित किया जा रहा है।

स्टार्टअप्स और युवाओं पर भी फोकस

सेमीकॉन इंडिया 2026 में स्टार्टअप्स और युवा प्रतिभाओं के लिए भी विशेष मंच उपलब्ध कराया गया है। करीब 40 स्टार्टअप्स अपने तकनीकी समाधान और नवाचार पेश कर रहे हैं।

वहीं, ‘वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन’ के जरिए माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए युवाओं के कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

इसके अलावा सम्मेलन में स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता और छात्र हैकाथॉन का भी आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में नवाचार और तकनीकी उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad