अमित शाह आज हैदराबाद में करेंगे पदयात्रा, SIR पर कांग्रेस के आरोपों के खिलाफ BJP का शक्ति प्रदर्शन
हैदराबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पदयात्रा करेंगे। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस पदयात्रा का आयोजन कर रही है। इसके जरिए भाजपा कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी।
अमित शाह की यह पदयात्रा दोपहर में बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होगी। यहां से मार्च मोजामजाही मार्केट तक पहुंचेगा। पदयात्रा के समापन पर अमित शाह लोगों को संबोधित करेंगे और भाजपा के अभियान को लेकर अपनी बात रखेंगे।
चारमीनार के भाग्यलक्ष्मी मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना
पदयात्रा में शामिल होने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर पहुंचेंगे। यहां वह पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होने वाली पदयात्रा में शामिल होंगे।
भाजपा नेताओं ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम को लेकर तेलंगाना भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने पदयात्रा के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। भाजपा सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और अन्य तैयारियों का जायजा लिया।
भाजपा इस पदयात्रा के जरिए SIR के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने और तेलंगाना में अपनी बात जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।