Atal Satya – Hindi News
Hindi News / मध्य प्रदेश

भोपाल में घर के बाहर खड़ी कार में पेट्रोल डालकर लगाई आग, CCTV में कैद हुए तीन बदमाश

Article Top Ad

राजधानी भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में घर के बाहर खड़ी कार में पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। देर रात मुंह पर कपड़ा बांधे पहुंचे तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के दो दिन बाद इसका CCTV फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे थे तीन युवक

कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडेय के अनुसार, नेहरू नगर निवासी आलोक मलिक अपनी कार रोजाना घर की बाउंड्री के बाहर खड़ी करते हैं। शनिवार रात भी उन्होंने कार घर के बाहर खड़ी की थी।

रात के समय तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर उनकी गली में पहुंचे। बदमाशों ने पहले कार के आगे और पीछे पेट्रोल डाला। इसके बाद एक युवक ने कार में आग लगा दी। आग लगते ही तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

आगजनी की यह घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

रंजिश के एंगल से जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस को वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या विवाद की आशंका है। हालांकि, आग लगाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आसपास के अन्य CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।

पुलिस मामले में रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad