Atal Satya – Hindi News
Hindi News / देश

जोधपुर की केमिकल फैक्ट्री में आग के दौरान जोरदार धमाका, 14 दमकलकर्मी घायल; 8 की हालत गंभीर

Article Top Ad

जोधपुर: बासनी औद्योगिक क्षेत्र की गणेश कॉलोनी स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम आग बुझाने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। फैक्ट्री में रखा केमिकल टैंक अचानक फटने से मौके पर मौजूद नगर निगम के दमकल दल के 14 कर्मचारी घायल हो गए। इनमें आठ दमकलकर्मी 50 फीसदी से अधिक झुलसने की जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद घायलों को तत्काल दमकल वाहनों और मौके पर मौजूद पिकअप की मदद से एम्स जोधपुर ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल दमकलकर्मियों को बेहतर उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) की बर्न यूनिट में शिफ्ट किया गया।

आग बुझाते समय फटा केमिकल टैंक

जानकारी के अनुसार, बासनी औद्योगिक क्षेत्र की गणेश कॉलोनी में स्थित केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम अचानक आग लग गई थी। सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए थे, इसी दौरान फैक्ट्री में रखा केमिकल टैंक अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी चपेट में आने से कई दमकलकर्मी झुलस गए। शुरुआती जानकारी में घायलों की संख्या 13 से 14 बताई गई थी। बाद में पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया ने 14 दमकलकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की।

8 दमकलकर्मी 50 फीसदी से ज्यादा झुलसे

पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया के मुताबिक, विस्फोट में घायल हुए 14 दमकलकर्मियों में से आठ 50 फीसदी से अधिक झुलसे हैं। गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों के उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में अलग से बर्न आईसीयू की व्यवस्था की गई है।

अस्पताल में घायलों का बर्निंग चार्ट तैयार किया जा रहा है और उनके इलाज के लिए विशेष मेडिकल टीम लगाई गई है। प्रशासन के अनुसार गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

एम्स से एमजीएच की बर्न यूनिट में किया गया शिफ्ट

जिलाधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायल दमकलकर्मियों को पहले एम्स जोधपुर ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर और विशेष उपचार के लिए उन्हें एमजीएच की बर्न यूनिट में शिफ्ट किया गया।

कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर अस्पताल पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही जोधपुर कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया और नगर निगम आयुक्त राहुल जैन समेत प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एमजीएच पहुंचे।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज के लिए अलग मेडिकल टीम गठित की। अधिकारियों ने अस्पताल में चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और उपचार की जानकारी ली तथा गंभीर रूप से झुलसे दमकलकर्मियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

आग पर काबू पाने के बाद फिर हुआ विस्फोट

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में लगी आग पर देर शाम एक बार काबू पा लिया गया था। इसके बाद अचानक केमिकल टैंक में विस्फोट हो गया, जिससे आग दोबारा भड़क उठी।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की दूसरी टीम को भी मौके पर लगाया गया। दमकलकर्मी दोबारा आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

केमिकल और सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच

पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया ने बताया कि फैक्ट्री में किस तरह के केमिकल रखे गए थे और उनका इस्तेमाल निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुसार किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

फैक्ट्री संचालक से भी पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान यदि सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन की टीम आग लगने के कारण, फैक्ट्री में रखे केमिकल और टैंक में हुए विस्फोट की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad